जयपुर में RSRTC बस का टायर फटने से स्कूल के दो स्टूडेंट्स के पैर टूट गए। दोनों स्टूडेंट परिवार के साथ उसी बस में सफर कर रहे थे। टायर फटने से उसका ऊपरी हिस्सा टूटकर दोनों स्टूडेंट के पैरों में जा घुसा। घटना 1 सितंबर की है। घायल दोनों स्टूडेंट के इलाज के बाद अब शुक्रवार को पीड़ित स्टूडेंट के पिता ने शिवदासपुरा थाने में ड्राइवर के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाई। ASI घनश्याम ने बताया- सोडाला के सुशीलपुरा निवासी सोनू मेहरा (44) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया- वह राखी त्यौहार के चलते परिवार सहित अपने ससुराल गया था। 1 सितम्बर को वह अपनी पत्नी विद्या और बेटे दिपेन (10) और साली के बेटे नितिश (18) के साथ ⁠राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) की बस में टोंक से जयपुर आने के लिए बैठा था। ऐसे हुई थी घटना पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया कि सवारियों से भरी बस जयपुर लाते समय ड्राइवर ओवर स्पीड में चला रहा था। बस में फटे-पुराने टायर डाले होने का पता होने के बाद भी लापरवाही से चला रहा था। शिवदासपुरा के बीलवा में सरल बिहारी मंदिर के पास रात को करीब 8 बजे अचानक बस का टायर फट गया। 12वीं क्लास का नितिश और चौथी क्लास का दिपेन दोनों टायर वाली सीट के ऊपर ही बैठे थे। टायर फटते ही उसका ऊपरी हिस्सा टूट कर दिपेन के दोनों पैरों में और नितिश के एक पैर में जाकर घुस गया। हादसे में दिपेन के दोनों पैर और नितिश का एक पैर टूट गया था। एम्बुलेंस की मदद से गंभीर हालत में दिपेन और नितिश को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। दोनों के फेक्चर हुए पैरों का ऑपरेशन किया गया। इलाज करने के बाद शुकवार शाम पीड़ित के पिता ने शिवदासपुरा थाने में शिकायत दी। पुलिस ने पीड़ित के पिता के ड्राइवर की लापरवाही के आरोप पर FIR दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।