उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड पर स्थित श्री भादरिया लाठी स्टेशन पर अब दो प्रमुख सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव (स्टॉपेज) शुरू कर दिया गया है। रेलवे ने जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस और बांद्रा टर्मिनस-जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस को इस स्टेशन पर रोकने की मंजूरी दी है। यह ठहराव अभी अस्थाई रहेगा। जिससे स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों को सीधे तौर पर बड़ी राहत मिलेगी। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा जैसलमेर स्टेशन के एक कार्यक्रम में की गई घोषणा के बाद रेलवे ने इस संबंध में समय-सारणी जारी कर दी है। दोनों ट्रेनों के समय की पूरी जानकारी इस प्रकार है। ट्रेनों की समय-सारणी लीलण एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12467/12468): जैसलमेर से जयपुर जाने वाली ट्रेन (12467) हर दिन रात 1:14 बजे भादरिया लाठी स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट रुककर 1:16 बजे आगे रवाना होगी। वहीं जयपुर से जैसलमेर आने वाली ट्रेन (12468) रोजाना सुबह 4 बजे यहां पहुंचेगी और 4:02 बजे जैसलमेर के लिए रवाना होगी। बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22931/22932): बांद्रा से जैसलमेर जाने वाली यह साप्ताहिक ट्रेन हर शनिवार सुबह 8:08 बजे स्टेशन आएगी और 8:10 बजे छूटेगी। इसी तरह वापसी में जैसलमेर से बांद्रा जाने वाली ट्रेन हर शनिवार शाम 6:54 बजे पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 6:56 बजे प्रस्थान करेगी। लोगों में खुशी की लहर रेलवे मंडल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, इस स्टेशन पर ट्रेनों के रुकने से भादरिया माता मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और आस-पास के ग्रामीणों को यात्रा करने में बहुत आसानी होगी। अब उन्हें बड़े स्टेशनों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर हुए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया था। इस मौके पर पोकरण के विधायक महंत प्रताप पुरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने रेलवे के इस कदम का स्वागत किया है।