जैसलमेर के रेलवे स्टेशन पर रेल जन संवाद कार्यक्रम हुआ। इसमें नागरिकों और स्थानीय संगठनों ने अपनी मांगें और सुझाव रखे। सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र कुमार अवस्थी और अन्य टूरिज्म व्यापारियों ने मिलकर जैसलमेर की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के सुझाव रखे। कार्यक्रम के जरिए रेल मंत्री के नाम एक मांग पत्र भी सौंपा गया। ज्ञापन में एसी कोच के अंदर यात्रियों के सामान की सुरक्षा के लिए कोच अटेंडेंट के जरिए टोकन सिस्टम लागू करने की मांग प्रमुखता से उठी। इसके अलावा, सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए जैसलमेर से भाभर रेललाइन को जल्द से जल्द जोड़े जाने पर जोर दिया। ताकि गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के साथ सीधा संपर्क स्थापित हो सके। इस अवसर पर पर्यटन व्यवसायी ऋषि तेजवानी, राजेंद्र अवस्थी, महेश शर्मा, अनिल व्यास सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मध्य प्रदेश के लिए रोजाना ट्रेन और लंबी दूरी की सेवाएं जैसलमेर में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से आने वाले कामगारों की संख्या भी बहुत ज्यादा है। खास तौर पर मध्य प्रदेश से आने वाले कामगारों की सुविधा के लिए जैसलमेर से इंदौर और ग्वालियर के बीच सीधी और प्रतिदिन ट्रेन सेवा शुरू करने की पुरजोर मांग की गई। साथ ही, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लंबी दूरी की सभी महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन प्रतिदिन जैसलमेर से करने की मांग रखी गई, ताकि स्थानीय व्यापार, पर्यटन और ऊर्जा सेक्टर को बढ़ावा मिल सके। पैसेंजर फैसिलिटीज और सिक्योरिटी पर फोकस बैठक में स्टेशन परिसर को आधुनिक और क्लीन बनाने के कई और जरूरी सुझाव भी दिए गए। यात्रियों के सफर को आसान बनाने के लिए कोच के अंदर डस्टबिन की सही व्यवस्था, वॉटर एटीएम और प्लास्टिक बोतलों को रीसाइकिल करने वाली मशीनें लगाने की बात कही गई। साथ ही, पर्यटकों को किसी भी तरह की परेशानी या धोखाधड़ी से बचाने के लिए स्टेशन पर अनधिकृत वेंडर्स और फर्जी लपकों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगाने की सख्त मांग की गई है।