सलूंबर के जयसमंद क्षेत्र के वीरपुरा गांव में स्थित गातोड़जी बावजी का दो दिवसीय मेले का समापन गुरुवार को हुआ। मेले के पहले दिन आसपास के गांवों सहित दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और मेलार्थी पहुंचे। मेले में धार्मिक आस्था के साथ खरीदारी और मनोरंजन का उत्साह भी देखने को मिला। पूरे दिन मेला शांतिपूर्ण रहा और श्रद्धालुओं ने गातोड़जी बावजी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मेले में सुबह से ही मेलार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ ही मेला स्थल पर रौनक बढ़ती गई। खिलौनों, घरेलू सामान, मिठाइयों और खानपान की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई।बच्चों ने झूलों और चकरी में बैठकर आनंद लिया। वहीं, खिलौनों की दुकानों पर भी जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने घरेलू जरूरतों का सामान खरीदा, तो कई लोग मिठाइयां खरीदते नजर आए। चाट-जलेबी की दुकानों पर रही भीड़ मेले में मनोरंजन के साथ खानपान का भी लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। गर्मागर्म चाट और जलेबी की दुकानों पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। परिवार के साथ मेले में पहुंचे लोगों ने घूमने-फिरने, खरीदारी करने और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह दिखाई दिया। जयसमंद बस स्टैंड तक दिखी मेलार्थियों की आवाजाही गातोड़जी बावजी के मेले को लेकर जयसमंद और आसपास के क्षेत्रों में भी चहल-पहल रही। मेला स्थल से जयसमंद बस स्टैंड तक मेलार्थियों की आवाजाही देखने को मिली। जयसमंद, सराड़ा, सेमारी, सलूम्बर, झल्लारा, मेवल, छप्पन और वागड़ क्षेत्र सहित दूरदराज के इलाकों से लोग मेले में पहुंचे। ग्राम पंचायत ने की बिजली-पानी की व्यवस्था मेले में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत वीरपुरा की ओर से बिजली और पानी की व्यवस्था की गई। वहीं, मेले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा।सराड़ा, सेमारी, परसाद और जावर माइंस थानों के साथ आसपास की पुलिस चौकियों तथा पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया।