उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गुरुवार को जोधपुर-लूनी-समदड़ी-जालोर रेल खंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन की संरक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ जालोर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए गए विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर समदड़ी रेलवे स्टेशन पर रेलकर्मियों के लिए संरक्षा सेमिनार का भी आयोजन किया गया। जोधपुर से जालोर तक किया फुट प्लेट निरीक्षण रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने जोधपुर से जालोर तक फुट प्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल खंड में ट्रैक, सिग्नल, परिचालन व्यवस्थाओं एवं अन्य संरक्षा संबंधी पहलुओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेल संचालन में पूर्ण सतर्कता बरतने और निर्धारित संरक्षा नियमों एवं प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मोकलसर–बालवाड़ा रेलखंड के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या सी-24 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फाटक की संचालन व्यवस्था, संरक्षा मानकों एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रेल संरक्षा के सभी नियमों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने और आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जालोर स्टेशन पर अमृत भारत योजना के विकास कार्यों का निरीक्षण अपर मंडल रेल प्रबंधक ने जालोर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ स्टेशन पर फ्लोरिंग कार्य, नए प्रतीक्षालय एवं वेटिंग हॉल, सर्कुलेटिंग एरिया और रेलवे आवासों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति एवं निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। ये अधिकारी भी रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रामनिवास जाट, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर दक्षिण तरुण बीका, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर दूरसंचार अनुपम कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर बिजली महेंद्र कुमार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी, सहायक परिचालन प्रबंधक दलपत सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित विभागों के सुपरवाइजर उपस्थित रहे।