जालोर में रोडवेज बस और टेंपो में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में मां, बेटा-बेटी की मौत हो गई और एक बच्चा गंभीर घायल हो गया। मां ने नवरात्रि में ही बेटे को नया टेंपो दिलाया था। एक्सीडेंट के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने ही एंबुलेंस को कॉल कर बुलाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। हादसा रामसीन-भीनमाल स्टेट हाईवे पर भरूड़ी गांव में दोपहर 1 बजे हुआ। थानाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया- मुथला कांबा निवासी ललिता देवी (42) पत्नी रमेश कुमार, उसके बेटे कैलाश (19) और बेटी सुमन कुमारी (17) की मौत हो गई। एक बेटा राजू (8) गंभीर घायल हो गया। थानाधिकारी ने बताया- परिवार रामसीन गांव में मंदिर दर्शन कर घर जा रहा था। दोनों वाहन जब्त कर लिए। बस ड्राइवर को पकड़ लिया है। रोडवेज बस भीनमाल से उदयपुर की ओर जा रही थी। SHO बोले- ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान SHO अरविंद कुमार ने बताया- टेंपो में 5 लोग सवार थे। घटना के वक्त टेंपो ललिता का भाई पुरुषोतम चला रहा था। जो हादसा होते ही टेंपो से कूद गया, जिससे वह बच गया। ललिता आंगनबाड़ी में काम करती थी। बेटा कैलाश किराए पर टैक्सी लेकर चलाता था। पति रमेश मजदूरी करते हैं। अब परिवार में रमेश, बेटा राजू और एक बेटी बची है।