इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए जरूरी खबर है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा यानी जेईई मेन-2027 के पहले सत्र का आवेदन फॉर्म जारी कर दिया है। इच्छुक स्टूडेंट्स आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नियमित आवेदन की आखिरी तारीख 22 नवंबर 2026 है। जेईई मेन परीक्षा में शामिल होने के लिए स्टूडेंट्स का फिजिक्स, केमिस्ट्री और गणित विषयों के साथ 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। जो छात्र अभी 12वीं कक्षा में पढ़ रहे हैं वे भी आवेदन के लिए पात्र हैं। इस परीक्षा में भाग लेने के लिए उम्र का कोई बंधन नहीं है। सेशन-1 की परीक्षा 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 को होगी। अगर कोई स्टूडेंट 22 नवंबर तक आवेदन नहीं कर पाता है, तो उसे विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने का मौका मिलेगा। इसके लिए 23 से 26 नवंबर 2026 तक आवेदन किया जा सकेगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म में सुधार करने के लिए 27 से 29 नवंबर 2026 तक मौका दिया जाएगा। उम्मीदवारों को अपने नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक जानकारी और अन्य विवरण भरते समय सावधानी रखनी चाहिए। सुधार की सुविधा मिलने के बावजूद हर जानकारी को दोबारा जांचना जरूरी है, ताकि आगे परीक्षा या दाखिले के समय परेशानी न हो। जिलेभर से हर साल 1500+ स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल होते है। जेईई मेन में इस बार हुए 3 बड़े बदलाव डिजिटल वेरिफिकेशन : फर्जीवाड़े को रोकने के लिए नया वेरिफिकेशन सिस्टम लागू हुआ है। स्टूडेंट्स को भारत सरकार के डिजी लॉकर, मेरी पहचान या जन परिचय के जरिए अपनी पहचान और एकेडेमिक वेरिफिकेशन सत्यापित करने होंगे। लाइव फोटो कैप्चर जरूरी : अब पुरानी फोटो अपलोड करने के बजाय फॉर्म भरते वक्त वेबकैम या मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करके लाइव फोटो खींचना जरूरी कर दिया गया है। लेट फीस के साथ अप्लाई करने का ऑप्शन : यदि कोई छात्र 22 नवंबर तक फॉर्म नहीं भर पाता है, तो वह ₹500 की लेट फीस देकर 23 से 26 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकता है। इसके बाद पोर्टल पूरी तरह बंद हो जाएगा। जेईई मेन 2027 की परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहला सत्र जनवरी और दूसरा सत्र अप्रैल 2027 में होगा। पहले सत्र की परीक्षा 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 को कम्प्यूटर आधारित तरीके से होगी। परीक्षा अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू सहित 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। स्टूडेंट्स अपनी पसंद की उपलब्ध भाषा चुन सकते हैं। पहले सत्र के परीक्षा शहर की जानकारी देने वाली पर्ची 30 दिसंबर 2026 को जारी होने की तारीख दी गई है, जबकि प्रवेश-पत्र 13 जनवरी 2027 को उपलब्ध होगा। इस परीक्षा में कुल 300 अंकों के 75 प्रश्न (फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स से 25-25 प्रश्न) पूछे जाएंगे।