झालावाड़ प्रशासन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और व्यापक जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव ने बताया कि इसी क्रम में 27 मई को आयुष मंत्रालय द्वारा एक विशेष ऑनलाइन योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह अभियान आयुष मंत्रालय के 'योग 365' पहल का हिस्सा है। इसके तहत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान और हेल्थ टेक के संयुक्त तत्वावधान में 100 दिवसीय निःशुल्क लाइव योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों का मुख्य उद्देश्य योग को जन-आंदोलन बनाना और इसे प्रत्येक नागरिक के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है। नागरिक इन लाइव योगाभ्यास सत्रों में भाग लेकर घर बैठे योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में अभ्यास कर सकते हैं। प्रशासन का मानना है कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य को बढ़ावा देगी, बल्कि तनावमुक्त और संतुलित जीवनशैली अपनाने में भी सहायक होगी। इच्छुक नागरिक राजस्थान राज्य के लिए निर्धारित विशेष लिंक https://moa-habit-yoga?ref=Rajasthan पर या टोल फ्री नंबर 18003157008 पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने जिले के सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं और आमजन से अपील की है कि वे स्वयं पंजीकरण करें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने जोर दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ तन, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। जिलेवासियों की सक्रिय सहभागिता से यह अभियान सफल होगा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 एक जन-उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आमजन से नाम जुड़वाने व दावे-आपत्तियां प्रस्तुत करने की अपील आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव वर्ष 2026 के चलते राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नगरपरिषद झालावाड़ के सभी 45 वार्डों की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 13 अप्रैल को किया जा चुका है। इसके बाद नगरपरिषद क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीएम) अभिषेक चारण ने आमजन से अपील करते हुए बताया कि ऐसे नागरिक जिनकी आयु 1 जनवरी को या उससे पूर्व 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-3 के माध्यम से संबंधित वार्ड पदाभिहित अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल निर्धारित की है। आमजन निर्धारित समयावधि में अपने नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर आवश्यक दावे-आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं। पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 19 अप्रैल (रविवार) एवं 26 अप्रैल (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों नगरपरिषद झालावाड़ में नियुक्त सभी वार्ड पदाभिहित अधिकारी अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक मौजूद रहकर दावे-आपत्तियां प्राप्त करेंगे।