झालावाड़ में तीनधार पुलिया पर एक ऑटो का अचानक टायर खुल गया। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो में सवार पांच लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक सभी लोग राता देवी के दर्शन करने जा रहे थे। पुलिया पर चढ़ने के बाद ऑटो का टायर खुला, जिससे ड्राइवर उसे संभाल नहीं पाया और हादसा हो गया। घायलों में भूपेश सुमन उर्फ बालचंद, गोलू पुत्र विकास, आदित्य पुत्र विकास, तनु पुत्र अनिल और कुलदीप पुत्र भारत सिंह राजपूत शामिल हैं। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी को झालावाड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पुलिया पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।