झालावाड़ जिले में पंचायतीराज चुनावों को लेकर पहले चरण के तहत गुरुवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक जारी रहा। झालावाड़ में जिला परिषद के 16 वार्डों में 68.35% मतदान हुआ। प्रथम चरण में पंचायत समिति के 88 सदस्य पदों के लिए पंचायत समिति अकलेरा में 69.27 प्रतिशत, पंचायत समिति भवानीमण्डी में 70.66 प्रतिशत, पंचायत समिति डग में 69.09 प्रतिशत और पंचायत समिति मनोहरथाना में 66.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसी प्रकार जिला परिषद सदस्य पद के लिए निर्धारित 16 वार्डों में मतदान सम्पन्न हुआ, जहां कुल 68.35 प्रतिशत मतदान हुआ। पहले चरण में अकलेरा, मनोहरथाना, भवानीमंडी और डग पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 467 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से 32 संवेदनशील बूथ थे। पहले चरण में कुल 105 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें जिला परिषद के 16 वार्डों और पंचायत समिति के 88 वार्डों के प्रत्याशी शामिल रहे। वार्ड 19 से एक जिला परिषद प्रत्याशी निर्विरोध चुना गया है। ये चुनाव 128 ग्राम पंचायतों में हुए। जिले की बाकी 142 ग्राम पंचायतों में दूसरे चरण में चुनाव होंगे। दोनों चरणों को मिलाकर जिला परिषद के लिए कुल 71 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिले में कुल 270 ग्राम पंचायतें और 8 पंचायत समितियां हैं। पंच व सरपंच पद के लिए नामांकन 23 को व मतदान 24 अक्टूबर को प्रथम चरण में जिले की पंचायत समिति अकलेरा, भवानीमण्डी, डग एवं मनोहरथाना में पंच व सरपंच पद हेतु मतदान 24 अक्टूबर को होगा। इससे पूर्व 23 अक्टूबर को नामांकन की प्रक्रिया होगी। नाम निर्देशन पत्र प्रातः 8 से 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे, वहीं उनकी संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से होगी। इसके पश्चात् दोपहर 2 बजे तक नाम वापिस लेने का समय होगा तथा उसके तुरन्त पश्चात् चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन होगा। मतदान 24 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक तथा मतगणना मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात् होगी। उप सरपंच का चुनाव 25 अक्टूबर को होगा।