झालावाड़ में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के 5वें दिन सिंगल यूज प्लास्टिक के नुकसान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम हुए। नगर परिषद ने गढ़ परिसर में नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक और सप्ताह के जिला प्रभारी शम्भू सिंह रावत ने लोगों को मिशन लाइफ की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में लोगों को प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और कपड़े के थैले, स्टील व मिट्टी से बने पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पर्यावरण और सफाई पर पड़ने वाले असर की जानकारी दी नगर परिषद ने राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से नुक्कड़ नाटक किया। इसके जरिए सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण और सफाई पर पड़ने वाले असर की जानकारी दी गई। लोगों को प्लास्टिक कचरे का सही तरीके से निस्तारण करने और प्लास्टिक की थैलियों की जगह कपड़े या दूसरे पर्यावरण अनुकूल थैले इस्तेमाल करने का संदेश दिया गया। पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को अपनाने पर जोर इसी क्रम में रीको एवं उद्योग विभाग द्वारा जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के दौरान उद्योगपतियों, उद्यमियों एवं श्रमिकों से संवाद स्थापित कर उत्पादन प्रक्रियाओं में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने, कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने तथा सतत औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता जिले के विभिन्न सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छात्रों के लिए प्लास्टिक मुक्त भारत विषय पर चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को प्रदर्शित किया।