आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। SP कावेन्द्र सिंह सागर ने गुरुवार को बाकरा, पातुसरी, मालसर, बिशनपुरा और दोरासर गांवों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया निरीक्षण के दौरान झुंझुनूं ग्रामीण DSP गोपाल सिंह ढाका और सदर थाना प्रभारी बिमला बुडानिया भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और थानाधिकारियों से कहा - चुनाव के दौरान क्षेत्र में लगातार गश्त की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए कि मतदाता बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।