जेएलएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अनुशासनहीनता और अवांछनीय गतिविधियों के मामले में दो इंटर्न पर कार्रवाई की है। दोनों पर एक-एक लाख रुपए का जुर्माना लगाने के साथ एक-एक माह के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। कॉलेज प्रशासन ने बुधवार देर शाम इसके आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार कोटपूतली निवासी इंटर्न डॉ. प्रमोद कुमार गुर्जर और हिंडौन सिटी निवासी डॉ. अभिमन्यु सिंह को कॉलेज की अनुशासनात्मक कमेटी ने सस्पेंड किया है। निलंबन अवधि में दोनों को सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक प्रभारी अधिकारी डॉ. पूनम गोगानिया के समक्ष उपस्थिति देनी होगी। फिर दोहराई अनुशासनहीनता, जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई जेएलएन मेडिकल कॉलेज के डॉ. भीमराव अंबेडकर ऑडिटोरियम के बाहर 15 अक्टूबर को गरबा महोत्सव आयोजित किया गया था। इस दौरान दोनों इंटर्न ने कार तेज गति से दौड़ाई और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील अपलोड कर दी। रील वायरल होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने जांच के लिए 9 सदस्यीय कमेटी गठित की। जांच में सामने आया कि पिछले साल भी दोनों इंटर्न को पाबंद किया गया था। कमेटी ने घटनाक्रम की तथ्यात्मक रिपोर्ट कॉलेज प्रशासन को सौंपी, जिसके आधार पर दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। दोनों इंटर्न की वर्तमान में किशनगढ़ अस्पताल में ड्यूटी है। जांच कमेटी में प्रिंसिपल डॉ. अनिल सामरिया के अलावा एडिशनल प्रिंसिपल डॉ. आभा भारद्वाज, डॉ. शिवकुमार बुनकर, डॉ. आरके माथुर, डॉ. पूनम, हेमेश्वर, हर्षवर्धन, डॉ. मनीराम कुम्हार, डॉ. महेंद्र खत्रा और डॉ. सुचित्रा नारायण शामिल थे।