जोधपुर के विवेक विहार थाना क्षेत्र में एक बैंक मैनेजर के सूने मकान में लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने मकान के ताले तोड़कर दो लाख रुपए कीमत के जेवर और नकदी पार कर ली। घटना के समय मैनेजर और उनकी पत्नी गुजरात के वडोदरा में थे। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेक विहार थाना पुलिस ने बताया कि विवेक विहार योजना के सेक्टर ई निवासी जितेन्द्र गहलोत (43) पुत्र संतोष सिंह ने रिपोर्ट दी है। इस रिपोर्ट के अनुसार, वे वर्तमान में गुजरात के वडोदरा में गोत्री स्थित सिग्नेचर लिलेटियम में रहते हैं और बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रधान कार्यालय में वरिष्ठ प्रबंधक हैं। परिवादी के अनुसार 9 अप्रैल को उनकी पत्नी बच्चों को पीहर छोड़कर उनके पास वडोदरा आ गई थी, जिससे उनका जोधपुर स्थित मकान सूना था। ताले तोड़कर दो लाख का माल ले गए चोर एफआईआर के अनुसार 10 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने मकान के दरवाजे व ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से 1.25 तोला सोने का मंगलसूत्र, 1 तोला सोने का नेकलेस, आधा-आधा तोला की सोने की अंगूठी, टीका व कान की बाली चुरा ले गए। इसके अलावा सोने की नोजपिन, चांदी की अंगूठी, दो घड़ियां, 10 हजार रुपये नकद और अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। चुराए गए कुल माल की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। पांच दिन बाद लौटे जोधपुर परिवादी ने पुलिस को बताया कि वे जोधपुर से बाहर थे, इस वजह से पांच दिन बाद 14 अप्रैल को थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट पेश कर रहे हैं । विवेक विहार थाना पुलिस ने सूने मकान में चोरी से संबंधित धारा में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच मुख्य आरक्षी लक्ष्मी देवी जाट को सौंपी गई है।