जोधपुर शहर में दीपावली पर बाजारों को सजाने वाले व्यापार संघों को सम्मानित किया जाएगा। इसे लेकर शनिवार को नगर निगम में मेयर प्रसन्नचंद मेहता और आयुक्त राहुल जैन ने बैठक ली। बैठक में शहर के व्यापारी और व्यापार संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि टॉप थ्री वाले व्यापार संघों को सम्मानित किया जाएगा। दो अलग-अलग बैठकों में हुई चर्चा मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने बताया- नगर निगम की ओर से इसे लेकर दो अलग-अलग बैठक हुई। पहली बैठक में जोधपुर के टेंट और लाइट डेकोरेशन से जुड़े बिजनेसमैन शामिल हुए। वहीं दूसरी बैठक में शहर के अलग-अलग व्यापार संघों के पदाधिकारी। इस दौरान बैठक में बाजारों को सजाने और रोशनी को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बाजारों की भव्य सजावट को देखने के लिए शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी लोग जोधपुर पहुंचें और त्योहार की खुशियों में सहभागी बनें। प्रोत्साहन राशि के साथ दिया जाएगा प्रशस्ति पत्र मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने बताया- दीपावली पर अपने बाजार को सबसे सुंदर और आकर्षक तरीके से सजाने वाले व्यापार संघों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार देने की पहल की जा रही है। इसके तहत उत्कृष्ट सजावट करने वाले व्यापार संघों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा अन्य बाजारों को सजाने में योगदान देने वाले व्यापारियों को भी प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयुक्त राहुल जैन ने बताया- सम्मान समारोह दीपावली के कुछ दिनों बाद सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित कर किया जाएगा।