जोधपुर में फर्जी पट्टा बनाने के मामले में गिरफ्तार नगर निगम का कनिष्ठ सहायक (जूनियर असिस्टेंट) पुलिस रिमांड पर है। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया। यहां से 5 दिन के रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब पूछताछ करेगी कि उसने फर्जी पट्टा किसकी मदद से बनाया। इसके साथ कौन-कौन लोग इसमें शामिल हैं। इसको लेकर भी पूछताछ की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी। कई बड़े नामों का खुलासा होने की उम्मीद है। क्या है मामला बता दें की जोधपुर की भगत की कोठी थाना पुलिस ने एक मामले में कार्रवाई करते हुए 4 नवंबर को नगर निगम के कनिष्ठ सहायक हरवंश कल्ला को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ परिवादी ने प्लॉट के मालिकाना हक को लेकर चल रहे विवाद के बीच पट्टा बनाकर देने के नाम पर रुपए लेने को लेकर मामला दर्ज करवाया गया था। इसी के आधार पर पुलिस ने अब जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के गिरफ्तार होने की सूचना मिलने के बाद नगर निगम के अंदर भी हड़कंप मच गया। पट्टा बनाने के नाम पर लोगों को झांसे में लेने वाले भी इन दिनों भूमिगत हो चले हैं।