जोधपुर जिले में पहले चरण की 6 पंचाय समितियों में सरपंच और पंचों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार सुबह 8 से नॉमिनेशन शुरू हो चुके थे, जो 11 बजे तक चले। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी और नाम वापसी का समय दोपहर 2 बजे तक तय किया गया है। इसके कुछ देर बाद चुनाव चिह्न देकर चुनाव लड़ने वाले फाइनल प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी जाएगी। शनिवार को पहले चरण की पंचायत समितियों के सरपंच और पंच के लिए चुनाव होगा। सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। इसके तुरंत बाद ही मतगणना भी शुरू हो जाएगी। यानी कौन सरपंच और पंच बनेगा ये कल मतगणना के बाद ही पता चलना शुरू हो जाएगा। अपने समर्थकों के साथ पहुंचे प्रत्याशी इधर, सरपंच और पंच के नामांकन को लेकर ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही दौर शुरू हो गया था। सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। इसके साथ ही नामांकन को दोबारा लेने के लिए मान मनुहार का दौर भी शुरू हो चुका है। वहीं कुछ ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ही निर्विरोध सरपंच चुन लिए है। कल हुए थे जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव जोधपुर जिले की 6 पंचायत समितियों और जिला परिषद के लिए गुरुवार को मतदान हुआ था। पहले चरण में गुरुवार को शेरगढ़, चाबा, आगोलाई, चामू, सेखाला और बालेसर में चुनाव हुए। जोधपुर जिले में पहले चरण में 53.79 प्रतिश वोटिंग हुई। वहीं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 64.78 और जिला परिषद सदस्यों के लिए 63.35 प्रतिशत मतदान हुआ।