जोधपुर रेल मंडल द्वारा रेल यात्रियों एवं आम नागरिकों से सीधा संवाद करने के लिए गुरुवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें यात्रियों ने रेलवे की सुविधाओं को लेकर फीडबैक दिया। यात्रियों ने स्टेशन पर कई सुविधाओं को लेकर संतुष्टि जताई तो कुछ कमियां भी बताई। इस दौरान यूपी से जोधपुर घूमने आया हुआ एक व्यक्ति अपनी समस्या बताते हुए रोने लग गया। व्यक्ति ने कहा कि वो जोधपुर शहर से करीब 30-35 किलोमीटर दूर किसी मंदिर में गया था। वापस आते समय रास्ते में उससे पर्स छीन लिया। इस पर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने उनसे पूछा कि पुलिस ने कहीं कंप्लेंट दर्ज कराई है क्या, तो उन्होंने कहा नहीं अभी तक कोई कंप्लेंट नहीं दी। इस पर डीआरएम के कर्मचारियों को उनके साथ भेज कर लिखित में शिकायत लेकर संबंधित थाने में भेजने के निर्देश दिए। दुबई के पर्यटक ने कहा- गंदगी देख बेटे ने कहा ये यहां क्या हो रहा वहीं उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के मूल निवासी और हाल में दुबई में रह रहे यात्री ने बताया कि वह जयपुर, जोधपुर घूमने आए थे। उन्होंने कहा- स्टेशन की सुविधाओं में पहले से सुधार हुआ है। मैं बेटे के साथ मोबाइल ठीक कराने के लिए यहां रेलवे स्टेशन के बाहर गया तो देखा कि स्टेशन के सामने दीवार के पास ही टॉयलेट किया हुआ है। यात्री ने कहा कि इस पर उनके बच्चे ने कहा कि ये यहां पर क्या हो रहा है, दुबई में तो ऐसा कुछ नहीं होता है। यात्री ने साफ-सफाई में सुधार लाने का आग्रह किया। स्टेशन पर जैन भोजन उपलब्ध कराने की मांग जोधपुर निवासी मोनिका चौरडिया ने रेलवे स्टेशन साफ सफाई की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए सुविधाओं की तारीफ की। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर जैन भोजन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई स्टेशन पर जैन भोजन नहीं मिल पाता जिससे ट्रेनों में सफर करने वाले जैन धर्म के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन के बाहर ऑटो रिक्शा से रोड जाम होने की शिकायत वहीं, स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि ललित गहलोत ने रेलवे से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो रिक्शा खड़े होने से जाम लगा रहता है इसलिए ऑटो की व्यवस्था स्टेशन के अंदर ही की जाए। उन्होंने रेलवे कॉलोनी के बाहर कचरा फेंके जाने की भी शिकायत की। इस पर डीआरएम ने जगह के निरीक्षण व सुधार के निर्देश दिए।