डीग जिले के कामां कस्बे में जमीन विवाद में एक दंपती पानी की टंकी पर चढ़ गया। पाछौल गांव निवासी 60 वर्षीय जल सिंह पुत्र खजान सिंह और उनकी 55 वर्षीय पत्नी श्यामवती शनिवार को चील महल के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। दोनों 4 घंटे से ज्यादा समय तक टंकी पर रहे। सुबह 11 से 11.30 बजे के बीच पति-पत्नी दोनों टंकी पर चढ़े। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद दोपहर 3.50 बजे पहले पति टंकी से ​नीचे उतरा। उससे समझाइश के बाद शाम 4.30 बजे के करीब पत्नी पर नीचे उतर आई। दरअसल दंपती का अपने ही सगे भाई के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। यह मामला एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन बताया जा रहा है। न्याय की मांग को लेकर दंपती के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। विवाद का समाधान नहीं होने से परेशान होकर उठाया कदम पीड़ित पति-पत्नी का आरोप है कि उनकी समस्या का समाधान नहीं होने से परेशान होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही टंकी के नीचे परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और दंपती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने की समझाइश मौके पर एएसपी दिनेश यादव, कामां डीएसपी राजेश शर्मा, थाना प्रभारी सुनील चौधरी और कामां तहसीलदार सहित पुलिस बल पहुंचा। अधिकारियों ने दंपती से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। वहीं, डीग कलेक्ट्रेट की सिविल डिफेंस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। टीम प्रभारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में मुरली सैनी, लखन सिंह, विष्णु, शशिकांत शर्मा, सुमित कुमार और खजान ने सूझबूझ के साथ दंपती को समझाने में सहयोग किया। प्रशासन और सिविल डिफेंस टीम के लगातार प्रयासों के बाद जल सिंह और उनकी पत्नी श्यामवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया। इसके बाद अधिकारियों और परिजनों ने राहत की सांस ली। जमीन विवाद का मामला एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन होने के बीच दंपती के इस कदम ने विवाद के समाधान और पीड़ित परिवार की शिकायतों पर सुनवाई के सवाल को फिर सामने ला दिया है।