भीलवाड़ा में 72 साल की बुजुर्ग कमला देवी की हत्या और छत पर उनका शव जलाने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि सट्टे की लत के कारण हुए कर्ज को उतारने के लिए आरोपियों ने हरीसेवा धर्मशाला के पीछे चौपाटी पर शराब पी थी। इसके बाद बुजुर्ग महिला कमला देवी की हत्या की प्लानिंग की थी। महिला से एक लाख रुपए मांगे गए, जब उन्होंने देने से इनकार कर दिया तो उसके हाथ-पैर चुन्नी और साड़ी से बांध दिए गए। इसके बाद तकिए से मुंह दबाकर बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को छत पर जलाकर अवशेषों को नाले में बहा दिया गया और उसी छत पर आरोपियों ने दोस्तों के साथ नॉनवेज और शराब पार्टी भी की। पुलिस ने मामले में गहने और नकदी बरामद कर ली है और डीएनए जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया- बुजुर्ग महिला कमला देवी की हत्या 12 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे की गई थी। मामले में मुख्य आरोपी रवि तापड़िया और सहयोगी हीरा सिंधी, आर्यन उर्फ चूचा को जेल भेजा जा चुका है, वहीं, चौथे फरार आरोपी कालू तापड़िया को ढूंढने के लिए पुलिस कोटा पहुंची थी, जहां से उसे पकड़ लिया गया है और भीलवाड़ा लाया गया है। अब सिलसिलेवार समझिए घटनाक्रम 1. सट्टे का कर्ज और हत्या की साजिश: भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी के अनुसार, मुख्य आरोपी रवि तापड़िया और उसका दोस्त हीरा सिंधी सट्टे और नशे के आदी थे। हीरा पर करीब 5 से 6 लाख रुपए का सट्टे का कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उसे 2 लाख रुपए की तुरंत जरूरत थी। हीरा ने रवि से कमला देवी से 1 लाख रुपए उधार दिलाने के लिए कहा था। जब रकम मिलने की उम्मीद नहीं दिखी, तो 12 अक्टूबर की शाम दोनों ने हरीसेवा धर्मशाला के पीछे चौपाटी पर शराब पीते हुए कमला देवी के गहने लूटने और उनकी हत्या करने का प्लान बनाया। 2. झांसे में लेकर मकान पर बुलाया और हत्या कर दी: प्लान के अनुसार, रवि तापड़िया कमला देवी को अपने स्कूटर पर बैठाकर सुभाषनगर स्थित मकान पर ले गया। वहां करीब डेढ़ से दो घंटे तक बातचीत के दौरान आरोपियों ने उनसे रुपए मांगे। कमला देवी ने मना कर दिया तो रवि और हीरा ने उनके हाथ-पैर साड़ी और चुन्नी से बांध दिए और पहने हुए गहने उतार लिए। इसके बाद रवि ने तकिए से मुंह दबाकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। 3. शव को छत पर जलाया और अवशेष नाले में बहाए: हत्या के अगले दिन देर रात करीब ढाई बजे रवि, उसके भतीजे कालू और आर्यन उर्फ चूचा ने मिलकर शव को छत पर ले जाकर जला दिया। सबूत मिटाने के लिए हड्डियां, राख और कोयला इकट्ठा कर नदी और नाले में बहा दिए गए। खून और जलने के निशान छिपाने के लिए छत पर सीमेंट का घोल तक चढ़ा दिया गया। जिस छत पर बुजुर्ग महिला के शव को जलाकर सबूत मिटाए गए थे, उसी छत पर रवि ने अपने करीब 40 दोस्तों को बुलाकर नॉनवेज पार्टी दी, शराब पिलाई और जुए-सट्टा खेला। 4. गहने बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी: पुलिस जांच में सामने आया कि लूटे गए गहनों में से 3 सोने की चूड़ियां हीरा सिंधी ने सर्राफा कारोबारी को 4.28 लाख रुपए में बेची थीं। पुलिस ने हीरा के घर से 2.07 लाख रुपए कैश और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। वहीं रवि के घर से सोने की चेन, पेंडेंट, मंगलसूत्र सहित अन्य ज्वेलरी बरामद हुए हैं। भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि फिलहाल नाली से मिली हड्डियों की डीएनए जांच करवा रहे हैं। अब ग्राफिक में देखिए पूरा मामला ये खबर भी पढ़िए… 15 तोला सोने के लिए महिला की हत्या,पेट्रोल डालकर जलाया:हड्डियां और राख नदी में फेंकी; घर में अकेली थी, 15 दिन से लापता थी भीलवाड़ा में पड़ोसी ने 15 तोला सोने की ज्वेलरी के लिए बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। मर्डर के बाद आरोपी शव छत पर ले गए और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सबूत मिटाने के लिए बुजुर्ग महिला की हडि्डयां और राख को 2 किलोमीटर दूर कोठारी नदी में फेंक दी। पूरी खबर पढ़िए बुजुर्ग की हत्या के बाद छत पर ही की नॉनवेज-पार्टी:नशे में थे सभी 40 दोस्त; पड़ोसी बोले-कैसे जलाया, न बदबू आई, न आग दिखी भीलवाड़ा में बुजुर्ग कमलादेवी की हत्या के बाद आरोपियों ने मकान की छत पर शव जलाया और फिर करीब 40 दोस्तों के साथ वहीं नॉनवेज पार्टी की। बताया जा रहा है कि पार्टी में शामिल लोग नशे में थे। पूरी खबर पढ़िए