करणपुर धाम में गुमानो माता को 108 मीटर लंबी सितारों जड़ी चुनरी चढ़ाई गई। मां करणपुर गुमानो माता सेवा समिति की 25वीं पदयात्रा शनिवार शाम धाम पहुंची। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में सुख-समृद्धि की कामना की। यात्रा संयोजक गिर्राज तिवाड़ी और समिति प्रवक्ता जितेंद्र सिंह जीतू ने बताया कि करणपुर घाटी से चुनरी की शोभायात्रा निकली। बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ डीजे पर बज रहे भजनों पर नाचते-गाते हुए भक्त आगे बढ़े। मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। छप्पन भोग की झांकी भी सजी। समिति अध्यक्ष प्रहलाद गुप्ता और यात्रा संयोजक गिर्राज तिवाड़ी समेत सदस्यों ने चुनरी अर्पित की। इसके बाद देवी जागरण में अंकेश पाराशर, ज्योति शर्मा और शुभम मिश्रा ने भजन प्रस्तुत किए। श्रद्धालु देर रात तक झूमे। आशा की वॉच टावर पर भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।