करौली के महोली गांव में जरख के हमले से एक दंपती समेत तीन ग्रामीण घायल हो गए। घायलों में सीमा बैरवा, उनके पति राकेश बैरवा और गोरा गौड़ शामिल हैं। तीनों को करौली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पिछले दो दिनों से जरख का आतंक बना हुआ है। सूचना मिलने पर रेंजर प्रेमचंद सेन के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एक जरख को पकड़ लिया, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। खेत जाते समय दंपती पर किया हमला सीमा बैरवा की बहन ममता ने बताया कि सीमा और उनके पति राकेश सुबह खेत पर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर अचानक जरख ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। खुद को और पत्नी को बचाने के लिए राकेश ने दराती से जरख का सामना किया और उसे भगाने में सफल रहे। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दंपती को इलाज के लिए करौली अस्पताल पहुंचाया। मंदिर जा रही महिला को भी बनाया निशाना दंपती पर हमले के कुछ देर बाद जरख ने मंदिर में दर्शन करने जा रही गोरा गौड़ पर भी हमला कर दिया। हमले में गोरा गौड़ पत्नी कल्ली गौड़ घायल हो गईं। उन्हें भी इलाज के लिए करौली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक ही क्षेत्र में कुछ ही समय के अंतराल पर तीन ग्रामीणों पर हमले की घटना से लोगों में भय व्याप्त है। वन विभाग ने एक जरख पकड़ा, अन्य की तलाश जारी पूर्व जिला प्रमुख प्रतिनिधि रक्षी लाल बैरवा ने बताया कि महोली गांव में पिछले दो दिनों से जरख का आतंक बना हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर वन विभाग की टीम को जानकारी दी। इसके बाद रेंजर प्रेमचंद सेन के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए एक जरख को पकड़ लिया। वन विभाग की टीम अन्य जरखों की तलाश में जुटी है। ग्रामीणों ने मवेशियों पर भी हमले की आशंका और नुकसान की जानकारी दी है। ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की घायलों के इलाज के लिए रक्षी लाल बैरवा और अस्पताल के पीएमओ डॉ. भुवनेश बंसल ने समन्वय किया। तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा अन्य जरखों को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों और उनके मवेशियों पर हमले का खतरा बना रहेगा।