करौली जिले के सभी स्कूलों में स्काउट-गाइड गतिविधियां अनिवार्य होंगी। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने संस्था प्रधानों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि इससे बच्चों में अनुशासन, सेवा भावना और जिम्मेदारी बढ़ती है। पंचायती राज चुनाव में हर मतदान केंद्र पर चार-चार स्काउट-गाइड तैनात होंगे। करौली स्थित स्काउट-गाइड भवन में शनिवार को डीएलएड गाइड ग्रुप के 7 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन हुआ। यह प्रशिक्षण श्री दिगंबर जैन आदर्श महिला संस्कृत शिक्षक प्रशिक्षण विद्यालय, श्रीमहावीरजी की छात्र अध्यापिकाओं के लिए है। 7 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुरू सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउट-गाइड से बच्चों का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और चारित्रिक विकास होता है। सीओ स्काउट अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि शिविर में 97 छात्र अध्यापिकाएं ट्रेनिंग ले रही हैं। कार्यक्रम में छात्र अध्यापिकाओं ने नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान सहायक शिविर संचालक मुकेश कुमार सारस्वत, ट्रेनिंग काउंसलर मिथिलेश चतुर्वेदी, संतोष वर्मा, मंजू शर्मा, प्रधानाचार्य रामदयाल गुप्ता और व्याख्याता दिनेश सिंह चौधरी मौजूद रहे।