आगामी पर्यटन सीजन के मद्देनजर स्वर्णनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर परिषद उप सभापति मधुबाला देवीसिंह चौहान ने शहर की सफाई व्यवस्था का औचक जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मुख्य बाजारों, प्रमुख पर्यटन स्थलों और रिहायशी कॉलोनियों का दौरा कर सफाई कार्य की जमीनी हकीकत परखी। उप सभापति ने मौके पर मौजूद सफाई निरीक्षकों और सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से कचरा उठाने, नालियों की समुचित सफाई करने तथा पूरे शहर में चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जैसलमेर विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, ऐसे में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है। उप सभापति मधुबाला देवीसिंह चौहान ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे कचरा खुले में फेंकने के बजाय नगर परिषद के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें। साथ ही उन्होंने सभी व्यापारियों व दुकानदारों से अपनी दुकानों के आगे अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने की अपील की। इस दौरान उप सभापति प्रतिनिधि व पूर्व पार्षद देवीसिंह चौहान मौजूद रहे।