बूंदी के केशवरायपाटन थाना क्षेत्र के ईश्वरनगर गांव में गुरुवार देर रात शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान छोटे भाई ने अपने बड़े भाई के सिर पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चेतराम मीणा (47) की कोटा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना रात करीब 2 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी छोटे भाई रामहेत मीणा को उसके घर से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नशे में दोनों भाइयों के बीच हुआ झगड़ा जानकारी के अनुसार, ईश्वरनगर गांव निवासी रामहेत मीणा और उसके बड़े भाई चेतराम मीणा के बीच गुरुवार देर रात झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय रामहेत शराब के नशे में था। विवाद के दौरान उसने चेतराम के सिर पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से चेतराम की हालत बिगड़ गई। कोटा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हमले के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल चेतराम को तुरंत कोटा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर केशवरायपाटन थानाधिकारी भूपेंद्र सिंह चारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी हिरासत में, हत्या का केस दर्ज सीआई भूपेंद्र सिंह चारण ने बताया कि पुलिस ने आरोपी रामहेत मीणा को उसके घर से हिरासत में लिया है। मृतक के शव को कोटा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। शुरुआती जांच में शराब का नशा और पारिवारिक झगड़ा घटना की वजह सामने आए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।