नगरीय निकाय चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जिले में 9 और 11 सितंबर को होने वाले मतदान से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। इसी कड़ी में रविवार देर शाम खैरथल और किशनगढ़बास कस्बों में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस ने अपनी तैयारी का संदेश दिया। सुरक्षा का भरोसा दिलाया खैरथल नगर परिषद में 9 सितंबर को होने वाले मतदान से पहले यह फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें एडिशनल एसपी जयसिंह और खैरथल थाना अधिकारी रामकिशन यादव समेत कई पुलिस जवान शामिल थे। पुलिसकर्मियों ने कस्बे के मुख्य रास्तों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। उन्होंने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस की मौजूदगी से असामाजिक तत्वों को साफ संदेश दिया गया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी। संवेदनशील इलाकों में मार्च किया वहीं, किशनगढ़बास में आरपीएस अधिकारी नेहा मीणा के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस जवानों ने तिजारा रोड, तोप सर्किल, खैरथल रोड, गंज रोड, अलवर रोड और मुख्य बाजार समेत कई प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में मार्च किया। पुलिस बल की मौजूदगी ने कस्बे में कानून-व्यवस्था के लिए पुलिस की तैयारी बताई। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी डर, दबाव या लालच के अपने वोट का इस्तेमाल करें। साथ ही, लोगों से चुनाव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को कहा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील भी की गई। खैरथल-तिजारा जिले में निकाय चुनाव के तहत 9 सितंबर को खैरथल, तिजारा और भिवाड़ी नगर परिषदों में मतदान होगा। वहीं, 11 सितंबर को कोटकासिम, टपूकड़ा, किशनगढ़बास और मुण्डावर नगरपालिकाओं में वोट डाले जाएंगे। चुनाव को लेकर पुलिस सभी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार जांच कर रही है।