किशनगढ़बास में कला मंच समिति की 14 दिवसीय श्रीरामलीला का बुधवार रात समापन हो गया। इसका समापन भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की लीला के साथ हुआ। अंतिम दिन रामलीला में प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने, भाई भरत से मिलन और राज्याभिषेक के प्रसंगों का मंचन किया गया। इन दृश्यों ने दर्शकों को रामायण के आदर्शों, त्याग और प्रेम का संदेश दिया। समिति के मीडिया प्रभारी नवीन जैन ने बताया कि मंचन की शुरुआत श्रीराम के माता सीता, भाई लक्ष्मण और भक्त हनुमान के साथ अयोध्या लौटने से हुई। इसके बाद श्रीराम और भरत के मिलन की भावुक लीला दिखाई गई। रामलीला के सफल आयोजन के बाद कला मंच समिति ने सभी कार्यकर्ताओं को पारितोषिक देकर सम्मानित किया। समिति ने प्रशासन, नगर पालिका, नगरवासियों और मीडिया समूहों का आभार जताया। इस मौके पर समिति के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।