कोटा के क्रिकेट प्रेमियों के लिए इस सप्ताह उत्साह और मनोरंजन का दोहरा तड़का लगने जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा कोटा जिला क्रिकेट संघ के सहयोग से 18 और 19 अप्रैल को नयापुरा स्थित जेके पवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 'आईपीएल फैन पार्क' का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें क्रिकेट प्रशंसकों को लाइव मैच का स्टेडियम जैसा रोमांचक मिलेगा। दोनों ही दिन दर्शकों के लिए फ्री एंट्री रहेगी। बीसीसीआई ​आईपीएल फैन पार्क के समन्वयक मीत और कोटा जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सुरेश आनंद 'नीटू' ने बताया कि बीसीसीआई इस सीजन में देशभर के 50 से ज्यादा शहरों में फैन पार्क आयोजित कर रहा है। जिसमें कोटा को शामिल किया गया है। कोटा के स्टेडियम में 32x18 फीट की विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गईं हैं जिस पर मैचों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को दोपहर 3:30 बजे से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम दिल्ली कैपिटल्स और शाम 7:30 बजे सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। 19 अप्रैल को दोपहर 3:30 बजे कोलकाता नाइट राइडर्स व राजस्थान रॉयल्स जबकि शाम को पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीमें के बीच बड़ी स्क्रीन पर मुकाबला देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि ​मैचों के प्रसारण के साथ-साथ दर्शकों के मनोरंजन के लिए स्टेडियम में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। परिसर में फूड कोर्ट, बच्चों के लिए प्ले एरिया, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस और सेल्फी ज़ोन जैसे आकर्षण होंगे। विशेष रूप से युवाओं के लिए लकी ड्रॉ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसके विजेताओं को आईपीएल टीमों के कप्तानों द्वारा हस्ताक्षरित आधिकारिक टी-शर्ट्स पुरस्कार स्वरूप दी जाएंगी। रविवार को राजस्थान रॉयल्स के प्रशंसकों के लिए 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर टीम फ्लैग और मर्चेंडाइज़ भी वितरित किए जाएंगे। सुरक्षा के लिहाज से स्टेडियम परिसर में तंबाकू, हेलमेट और बैग ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आयोजकों ने चिकित्सा और आपातकालीन स्थिति के लिए फायर ब्रिगेड एवं एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की है। स्टेडियम में 8 से 10 हजार प्रशंसकों के बैठने की व्यवस्था की गई।