कोटा में नगर निगम ऑफिस के पास स्थित बग्गीखाने में 78 साल से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन गुजार रहे 53 परिवारों के लिए इस बार दीपावली खुशियों की नई सौगात लेकर आई। धनतेरस से एक दिन पहले कुंदकुंद आवासीय योजना के तहत इन परिवारों को पक्के आवासों के आवंटन पत्र सौंपे गए। कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने लाभार्थियों को आवंटन पत्र थमाए। पक्के पट्‌टे नहीं होने से होता था विवाद बग्गीखाने में रह रहे ये परिवार विभाजन के बाद से ही बेहद सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे थे। पक्के पट्टे न होने के कारण आए दिन जमीन से जुड़े विवाद और क्षेत्र का बिगड़ता माहौल इनके लिए चिंता का बड़ा कारण था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इन परिवारों की पीड़ा को समझते हुए उनके स्थायी पुनर्वास के लिए लंबे समय तक प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए। आवंटन पत्र सौंपते हुए विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि अब ये परिवार एक स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकेंगे। महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि यह केवल मकान का आवंटन नहीं है, बल्कि इन परिवारों को एक सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य देने की दिशा में कदम है।