कोटा के इटावा थाना क्षेत्र से एक युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। जिससे शादी होने वाली थी, उसे लड़का पसंद नहीं था तो लड़की ने शादी से 8 दिन पहले मंगेतर के हाथ-पैर तुड़वाने के लिए बदमाशों को 10 हजार रुपए की सुपार दी थी। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने युवक को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लड़की ने सोचा की मंगेतर के पैर टूटने से शादी टल जाएगी। महादेव मंदिर से पानी लाने को भेजा, रास्ते में पिटवाया मंगेतर को पिटवाने की साजिश में युवती ने अपने छोटे भाई को भी शामिल किया। उसने छोटे भाई के साथ मंगेतर को गौणदी स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर से पानी लाने को कहा। इस दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे बदमाशों ने मंगेतर पर हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर घायल हो गया। ज्यादा खून बहने से इलाज के दौरान कोटा जिला हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि हत्या के आरोप में मुकुट गोचर (27) निवासी नोनेरा, धर्मेंद्र उर्फ धर्मराज (28) निवासी नोनेरा, जोधराज सैन (45) व उसकी बेटी (मंगेतर) दीक्षा सैन (20) निवासी मुंगेना को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया मंगेतर दीक्षा के परिजनों ने 8 दिन से साजिश रच रखी थी। इसके लिए मुकुट गोचर को 10 हजार में सुपारी दे रखी थी। मुख्य आरोपी मुकुट के खिलाफ इटावा, कैथून, खातौली थाने में 8 व धर्मेंद्र के खिलाफ इटावा, बूढादित थाने में 4 मामले दर्ज हैं। इस मामले में चेतन सैन व हेंमत सैन फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। आरोपी ने कहा-युवती ने पैर तोड़ने की सुपारी दी थी पुलिस पूछताछ में हत्या की कहानी सामने आई। आरोपी मुकुट ने बताया कि युवती ने उसे धर्मेंद्र सेन (25) के पैर तोड़ने की सुपारी दी थी। कहा था कि दूल्हा यहां आएगा। अकेले में पकड़कर उसके पैर तोड़ देना। जिससे वह 1 मई को शादी लायक नहीं बचे। इसके बदले वह उसे 10 हजार रुपए देगी। मुकुट ने दो साथियों के साथ मिलकर धर्मेंद्र पर हमला कर दिया। हमले में आरोपी के पैर में भी गंभीर चोट आई है। पुलिस की पूछताछ में युवती ने भी यही कहानी बताई है। पुलिस सभी तथ्यों को जोड़कर आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस हत्या का कारण जानने में जुटी है। पुलिस इसमें शामिल सभी लोगों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक युवती ने इटावा के बदमाश मुकुट को सुपारी दी थी। तीन बदमाशों ने धर्मेंद्र पर हमला किया। जबकि युवती का भाई हमलावरों को धर्मेंद्र के आने व जाने की पूरी सूचना दे रहा था। इन सब ने मिलकर ही पूरी साजिश रची थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थी। 1 मई को होनी थी शादी दरअसल, दौलतपुरा निवासी धर्मेंद्र सेन की शादी मुंगेना निवासी जोधराज सेन की बेटी से तय हुई थी। उसकी शादी की तैयारियां हो चुकी थीं। 27 अप्रैल को लग्न और एक मई को शादी होनी थी। युवती ने 22 अप्रैल को धर्मेंद्र को फोन करके कपड़े और गहने खरीदने के लिए बुलाया। खरीदारी के बाद जब धर्मेंद्र अपने होने वाले साले हेमंत के साथ जलेश्वर महादेव के दर्शन कर वापस गांव लौट रहा था। तभी गौणदी और गणेशगंज के बीच मुकुट गोचर निवासी नोनेरा और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल धर्मेंद्र को कोटा रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। -------------------------------------------- ये खबर भी पढ़े- कोटा में शादी से 8 दिन पहले युवक का मर्डर:ससुराल अंगूठी का नाप देने गया था, रास्ते में बदमाशों ने हमला किया, परिवार बोला- मंगेतर-साले पर शक कोटा में शादी से आठ दिन पहले एक युवक की हत्या कर दी गई। वह ससुराल से अपनी अंगूठी का नाप देकर साले के साथ घर लौट रहा था।रास्ते में तीन बदमाशों ने लाठी, डंडों और पाइप से उस पर हमला कर दिया, जिससे युवक के हाथ-पैर टूट गए। साला भी मौके से भाग गया। बुधवार देर रात इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। इटावा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों ने युवक की मंगेतर और साले पर हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने का शक जताया है। (पूरी खबर पढ़ें)