कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे-52 पर केमिकल से भरे एक टैंकर के ब्रेक लाइनर में अचानक आग लग गई। चलते टैंकर में से धुआं निकलता देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना ड्राइवर को दी। इस पर सड़क किनारे के बाजार से जलते हुए टैंकर को ड्राइवर 300-400 मीटर दूर एक ढाबे तक ले गया। जहां ग्रामीणों और ढाबे कर्मचारियों ने ट्यूबवेल चलाकर पानी से आग बुझाई। कनवास थाना क्षेत्र में दरा स्टेशन के पास गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे से एक बजे के बीच यह घटना हुई। लोगों और ड्राइवर की सतर्कता से केमिकल से भरे टैंकर को सुरक्षित बचा लिया गया। जयपुर से उज्जैन जा रहा था टैंकर दरा चौकी पर तैनात कॉन्स्टेबल शेर सिंह ने बताया- केमिकल से भरा टैंकर जयपुर के बगरू से उज्जैन की ओर जा रहा था। इसी दौरान दरा स्टेशन के पास चलते टैंकर के ब्रेक लाइनर में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ड्राइवर को दी। ड्राइवर टैंकर को भीड़-भाड़ इलाके से 300-400 मीटर दूर चौकी के पास ले आया। फिर एक ढाबे के पास जाकर खड़ा कर दिया। ट्यूबवेल के पानी से बुझाई आग टैंकर के ढाबे पर पहुंचने के बाद ढाबे के कर्मचारियों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्यूबवेल चलाया और पानी से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। समय रहते आग बुझ जाने से टैंकर में भरे केमिकल तक आग पहुंचने की आशंका टल गई। आग लगने से टैंकर के पीछे के टायर जल गए। ड्राइवर ने बताया- टैंकर में पैराथिन नाम का गाड़ा केमिकल भरा हुआ था। जो आग को धीरे-धीरे पकड़ता है। फिलहाल टैंकर ढाबे पर खड़ा है। उसके पीछे के टायर खराब हो चुके हैं। मुकुंदरा टनल में एंट्री बैन होने से हाईवे पर आया टैंकर ड्राइवर मुकंदरा ढाबा संचालक महेंद्र गुर्जर ने बताया- टैंकर ड्राइवर गोपालपुरा से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की तरफ गया था। वहां टोल वालों ने केमिकल से भरे टैंकर को मुकंदरा टनल में प्रवेश निषेध बताया। इसके बाद ड्राइवर गाड़ी को NH 52 की तरफ ले आया। केमिकल से भरे टैंकर में आग लगने की घटना से आसपास के क्षेत्र में बड़ा खतरा हो सकता था। आग बुझाने के काफी देर बाद दमकल मौके पर पहुंची। यह खबर भी पढ़ें... ट्रक-टैंकर की भिड़ंत के बाद आग लगी, ड्राइवर जिंदा जला,VIDEO:शव बुरी तरह झुलसा, नहीं हो सकी पहचान,ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा नागौर-जोधपुर नेशनल हाईवे-62 पर केमिकल से भरा टैंकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। हादसे के बाद टैंकर में आग लग गई। टैंकर ड्राइवर जिंदा जल गया। (पूरी खबर पढ़ें)