कोटा ग्रामीण पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग' के तहत सोमवार को दो बड़ी कार्रवाई की। एक ओर जहां अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर बुलडोजर चलाया, वहीं दूसरी ओर अंतरराज्यीय डोडा चूरा और शराब तस्करी का भी भंडाफोड़ किया। पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि सुकेत कस्बे में राहिल और कासिब उर्फ गुच्छा द्वारा चारागाह भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए मकानों को प्रशासन और नगरपालिका की संयुक्त कार्रवाई में जेसीबी से ध्वस्त किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। करीब 50 लाख रुपए से अधिक मूल्य की इस अवैध संपत्ति पर कार्रवाई अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। इधर, जिला डीएसटी, मोड़क और चेचट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 30 लाख 21 हजार रुपए कीमत का अवैध माल और तस्करी में प्रयुक्त दो कारें जब्त की हैं। पहली कार्रवाई मोड़क थाना क्षेत्र में की गई, जहां नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार का पीछा कर उसे रोका। तलाशी में 101.460 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। मौके से पंजाब के दो तस्करों करनदीप सिंह और जोन विल्सन को गिरफ्तार किया गया। दूसरी कार्रवाई चेचट थाना क्षेत्र में हुई। यहां पुलिस ने पीछा कर एक कार को रोका, जिसमें से हरियाणा ब्रांड की 204 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस मामले में हरियाणा निवासी जितेंद्र सिंह और अरुण को गिरफ्तार किया गया। एसपी सुजीत शंकर ने कहा कि जिले में अपराध, मादक पदार्थ और अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें ध्वस्त करने के साथ-साथ तस्करों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे सक्रिय अपराधियों और उनकी अवैध संपत्तियों पर इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।