कोटपूतली में जिला स्तरीय नार्को कोर्डिनेशन सेंटर (एन-कोर्ड) कमेटी की बैठक जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। इसमें मादक पदार्थों की अवैध बिक्री रोकने, जागरूकता बढ़ाने और प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह और एडीएम ओमप्रकाश सहारण भी मौजूद रहे। जिला कलक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर और सीएमएचओ को अनाधिकृत चिकित्सकों व औषधि विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल दुकानों का औचक निरीक्षण करने और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न होने देने को कहा। अनियमितता पाए जाने पर मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस रद्द कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए। नशा मुक्ति के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और जनभागीदारी व जागरूकता बढ़ाने के अभियान को तेज करने पर जोर दिया गया। बैठक में नियम विरुद्ध शराब बिक्री, हथकड़ शराब बनाने वालों, हुक्काबार चलाने वालों, ई-सिगरेट, वीड, ड्रग्स, गांजा और नशे की गोलियों का व्यापार करने वालों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, समाज कल्याण अधिकारी विपिन, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत सहित शिक्षा, आबकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।