कोटपूतली में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ईवीएम का द्वितीय स्तरीय रेंडमाइजेशन किया गया। जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई यह प्रक्रिया चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी की गई। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। रेंडमाइजेशन का उद्देश्य मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आवंटन सुनिश्चित करना है। प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की गई। ईवीएम की सुरक्षा और परिवहन के दिए निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को ईवीएम के परिवहन, भंडारण और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें, ताकि चुनाव व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता, भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी एडवोकेट अशोक सुरेलिया और पूर्व नगर अध्यक्ष रघुवीर प्रसाद गोयल सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी सोहन सिंह नरुका, उपखंड अधिकारी योगेश सिंह देवल, बृजेश कुमार, नवनीत कुमार, सुरेंद्र प्रसाद और तहसीलदार स्नेहलता राजोरिया सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।