डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी के मेन सदर बाजार में गुरुवार शाम करीब 4 बजे रूई और गद्दे की दुकान में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दूसरी मंजिल तक पहुंच गई और दुकान के ऊपर रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए छत के रास्ते से परिवार के सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में दुकान का सामान और घर का कीमती सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दुकानदार अकरम तेली के अनुसार, दुकान के पास बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका है। आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। धुएं और आग की लपटों को देखकर आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर जुट गए। यहां देखें आग की तस्वीरें… दूसरी मंजिल तक पहुंची आग, छत के रास्ते परिवार को निकाला जिस दुकान में आग लगी उसके ऊपर घर में परिवार रहता है। जब लपटें दुकान से ऊपर दूसरी मंजिल तक पहुंच गईं तो लोगों ने चिल्लाना शुरू किया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने छत के रास्ते से सभी लोगों को घर के बाहर निकाला। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकलकर्मी करीब 30 मिनट से आग पर काबू पाने में जुटे रहे। दिवाली के कारण बाजार में भीड़ थी दीपावली के सीजन के चलते मुख्य सदर बाजार में लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। ऐसे में आग लगने की घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन होना बाकी है। कंटेंट सपोर्ट- धनसुख सैनी