टोंक | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 139वें संस्करण को रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ भाजपा कार्यालय में सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने मन की बात की 12 सालों की यात्रा का उल्लेख करते हुए देशभर में लोगों के परिश्रम, प्रतिभा, समर्पण और सेवाभाव से जुड़ी प्रेरणादायी कहानियों को साझा किया। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश से प्रेरणा लेकर आगामी दीपावली सहित त्योहारी सीजन में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय हस्तशिल्प कलाकारों की प्रतिभा, मेहनत और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय उत्पादों की खरीद बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाने से कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते हुए स्थानीय उत्पादों की बढ़ती पहुंच के उदाहरण दिए। बिहार के पूर्णिया के मखाने का ग्रीस और कर्नाटक के कलबुर्गी की अरहर दाल का मालदीव तक पहुंचना स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं को दर्शाता है।