मंड्रेला-झुंझुनूं रोड पर नालवा गांव के पास गुरुवार शाम एक कार अनकंट्रोल होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चूरू जिले के दो युवकों को मामूली चोटें आईं। आसपास के लोगों ने दोनों युवकों को कार से बाहर निकाला। घायलों को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। रोड वाले बालाजी मंदिर के पास हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, कार मंड्रेला से झुंझुनूं की ओर जा रही थी। इसी दौरान नालवा गांव के पास रोड वाले बालाजी मंदिर के समीप कार अचानक असंतुलित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने कार में सवार दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनकी मदद की। समय पर सहायता मिलने से दोनों युवकों को उपचार मिल सका। मंड्रेला से नालवा तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे मंड्रेला से नालवा गांव तक सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। गड्ढों के चलते वाहन चलाते समय संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना होने का खतरा भी बना रहता है।