पाली जिले में पंचायत चुनाव के दौरान सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। आऊवा-देवली में एक सरपंच प्रत्याशी के जेठ के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल ने आरोप लगाया कि फर्जी मतदान की योजना बनाने को लेकर पुलिसकर्मियों से हो रही बहस के दौरान सरपंच प्रत्याशी के रिश्तेदारों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। उसकी आंख के पास और सिर में चोट आई है। मामले में मारवाड़ जंक्शन थाने में रिपोर्ट दी गई है। घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। फर्जी मतदान की योजना के आरोप पर हुआ विवाद रिपोर्ट में उगमराज पुत्र मोतीलाल चौधरी ने बताया- उसके भाई गजेंद्र चौधरी की पत्नी तुलसीदेवी सरपंच प्रत्याशी हैं। शनिवार शाम करीब 5 बजे एक सरपंच प्रत्याशी के समर्थक फर्जी मतदान की योजना बना रहे थे। इसको लेकर वहां तैनात पुलिसकर्मियों से उनकी बहस हो गई। उगमराज के अनुसार, वह भी मौके पर देखने गया था। इसी दौरान उसे देखकर सरपंच प्रत्याशी के रिश्तेदारों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में उसकी आंख के पास और सिर में चोट आई। घटना के बाद उसने मारवाड़ जंक्शन थाने में लिखित रिपोर्ट दी। SHO बोले- घायल का मेडिकल करवाया मारवाड़ जंक्शन थाना प्रभारी सहदेव चौधरी ने बताया कि घायल का इलाज करवाने के बाद मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। केसरसिंह गुड़ा में भी प्रत्याशी आपस में उलझे इसी तरह मारवाड़ जंक्शन उपखंड के केसरसिंह गुड़ा में भी सरपंच प्रत्याशी आपस में उलझ गए। सूचना मिलने पर पुलिस समय रहते मौके पर पहुंची और समझाइश कर मामला शांत कराया।