दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले में विभिन्न खाद्य संस्थानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और खराब खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने रावतसर में संचालित मैसर्स श्री कृष्णा फूड्स कम्पनी से घी का नमूना संग्रहित किया गया। मैसर्स श्री कृ ष्णा फूड्स कम्पनी में निरीक्षण के दौरान मिल्क क्रीम में मच्छर-मक्खियां पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा दल ने गंभीरता से कार्रवाई की। खाद्य सामग्री की स्वच्छता एवं सुरक्षित रखरखाव में कमी पाए जाने पर मौके पर मौजूद करीब 60 किलोग्राम मिल्क क्रीम को नष्ट करवाया गया। खाद्य सुरक्षा दल ने खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं रखरखाव के दौरान स्वच्छता मानकों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि त्योहार के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। इसके अलावा, रावतसर स्थित बालाजी डेयरी से घी एवं मिल्क क्रीम के नमूने तथा दौलत डेयरी से मावे का नमूना लिया गया। टीम में एफएसओ दीपक कुमार, एफएसओ अनुपम चोयल, एफएसओ सीपी शर्मा, योगेश शर्मा एवं गुरुशरण सिंह शामिल थे।