कस्बे में शनिवार को पंचायतीराज चुनाव के बीच एक परिवार ने शोक की घड़ी में भी लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। 83 वर्षीय नागूलाल राठौर के निधन के बाद परिवार ने पहले अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं, फिर मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाले। जानकारी के अनुसार नागूलाल राठौर का शनिवार को निधन हो गया था। दोपहर में शिप्रा नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद परिवार के सात सदस्य दो बेटे, उनकी पत्नियां, एक पौत्री और दो पौत्र मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। परिवार के अन्य करीबी रिश्तेदारों ने भी अंतिम संस्कार के बाद मतदान किया। शोक के बीच मतदान करने के परिवार के इस फैसले की क्षेत्र में दिनभर चर्चा रही।