बूंदी के नैनवां में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल प्रखंड नैनवां के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन देश में बढ़ती कथित जिहादी गतिविधियों, अवैध कब्जों और अन्य गंभीर मामलों के विरोध में था। कार्यकर्ता सुबह पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर, पुलिस थाने के सामने एकत्रित हुए। यहां से उन्होंने रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय की ओर कूच किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से कई मांगें उठाई गईं। इनमें लव जिहाद के बढ़ते मामलों पर रोक और सख्त कानून बनाने की मांग, हिन्दू कन्याओं के शोषण एवं जबरन धर्मांतरण के खिलाफ कठोर कार्रवाई, आतंकी गतिविधियों में संलिप्त तत्वों की पहचान कर सख्त दंड, सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाने की मांग, खान-पान में अपवित्रता फैलाने वाली घटनाओं पर रोक और हिंदू एवं जनजातीय परिवारों के उत्पीड़न पर तत्काल कार्रवाई शामिल थीं। इस अवसर पर बजरंग दल कोटा विभाग सह संयोजक लक्की चोपड़ा ने कहा कि देश में जिस प्रकार लव जिहाद की घटनाएं बढ़ रही हैं, वह निंदनीय है। उन्होंने सरकार से इस पर सख्त कानून बनाने की मांग की और कहा कि ऐसी मानसिकता देश की एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा है। चोपड़ा ने यह भी कहा कि अवैध कब्जों और सुनियोजित षड्यंत्रों के माध्यम से समाज को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि बजरंग दल राष्ट्रहित में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। जिला मंत्री संजय नागर ने कहा कि देश में बढ़ती आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि समाज में शांति और सद्भाव बना रहे। उपखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी नैनवा को सौंपा। ज्ञापन में विभिन्न मांगों पर त्वरित एवं ठोस कार्रवाई की मांग की गई।