जातिवाद के आरोपों से घिरे भगत सिंह सेना प्रमुख नरेश मीणा अब सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बारां जिले में एक नया सियासी दांव चला है। बसपा के टिकट पर जिला परिषद और पंचायत समितियों में अपने समर्थकों को चुनाव लड़ा रहे नरेश मीणा ने मांगरोल पंचायत समिति के वार्ड नंबर-1 में भील समाज की महिला को प्रत्याशी बनाया है। यह वार्ड मीणा बाहुल्य है। वार्ड नंबर-1 एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां करीब 3500 मीणा मतदाता हैं, जबकि भील समाज के सिर्फ 50 वोट हैं। इसके बावजूद तिसाया गांव की सभा में ग्रेजुएट राममूर्ति भील को प्रत्याशी घोषित किया गया। यह फैसला रविवार रात तिसाया के नरसिंह भगवान मंदिर प्रांगण में वार्ड के 6 गांवों के लोगों की मौजूदगी में हुआ। इसमें मीणा समाज के 4 दावेदारों ने सहमति दी। इस कदम से नरेश मीणा ने जातिगत समीकरण साधने की कोशिश की है।