महेंद्रगढ़ जिले में नारनौल के गांव भांखरी में दो घरों से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में थाना सदर नारनौल पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गांव नरात निवासी बबलू उर्फ नवीन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 27 अक्टूबर को राजस्थान के कोटपुतली में एक पुलिया के नीचे से गिरफ्तार किया। बुधवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी अश्विनी को गिरफ्तार कर चुकी है। 7 लाख का सामान ले गए थे चोर डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि गांव भांखरी निवासी हनुमान प्रसाद और सतीश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 28 और 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि को अज्ञात चोर उनके घरों से सोने-चांदी के आभूषण और 2 लाख 78 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना सदर नारनौल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पहले भी पकड़ा जा चुका एक आरोपी जांच के दौरान पुलिस ने पहले राजस्थान के गांव गोपालपुरा निवासी अश्विनी को गांव डोहर कलां क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसे कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी बबलू उर्फ नवीन को भी गिरफ्तार कर लिया। महेंद्रगढ़ में कई वारदातों की पूछताछ डीएसपी के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने महेंद्रगढ़ क्षेत्र में मिलकर चोरी की करीब 5 से 7 वारदातों को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस इन वारदातों से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ राजस्थान के सिंघाना और बुहाना थानों में पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। अश्विनी के खिलाफ चार और बबलू उर्फ नवीन के खिलाफ तीन मामले दर्ज होने का रिकॉर्ड बताया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी किए गए आभूषणों और नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, अन्य वारदातों और संभावित सहयोगियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।