महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल शहर में युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने तथा नकदी और मोबाइल लूटने के मामले में सीआईए नारनौल ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त कैंपर वाहन और तीन लाठियां बरामद कर चुकी है। डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि 14 अगस्त 2026 को गांव नांगतिहाड़ी निवासी गौरव अपने खेत से घर लौट रहा था। सुल्तान एकेडमी के पास एक कैंपर वाहन ने उसका रास्ता रोक लिया। वाहन से उतरे मोनू और गौरा ने लाठियों-डंडों से उसके साथ मारपीट की और जबरन कैंपर में बैठा लिया। इस दौरान दिलबाग कैंपर चला रहा था। 2 हजार रुपए भी छीने थे शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी उसे मारते-पीटते हुए नसीबपुर बस अड्डे की ओर ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। आरोपियों ने उसकी जेब से 2 हजार रुपए और मोबाइल फोन भी छीन लिया। इसके बाद उसे नसीबपुर बस स्टैंड के पास छोड़कर फरार हो गए। घायल गौरव को पहले नारनौल के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे जयपुर रेफर किया गया। वाहन और लाठियां बरामद शिकायत मिलने के बाद 18 अगस्त को थाना सिटी नारनौल में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अगले ही दिन दिलबाग, मोनू और गौरा को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस रिमांड के दौरान उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कैंपर वाहन और तीन लाठियां बरामद की गई थीं। बाद में तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सीकर का व्यक्ति गिरफ्तार मामले की आगे की जांच के दौरान सीआईए नारनौल ने चौथे आरोपी गोपाल निवासी गांव जिलो, जिला सीकर (राजस्थान) को नारनौल के जलमहल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की वारदात में सक्रिय भूमिका सामने आने के बाद उसे पकड़ा गया है।