सीकर के नीमकाथाना सब जेल से गुरुवार दोपहर दुष्कर्म का आरोपी फरार हो गया। कैदी को कचरा डालने के लिए जेल से बाहर लाया गया था। इसी दौरान वह जेलकर्मियों को धक्का देकर और दीवार कूदकर फरार हो गया। जेलर रमेश पुरोहित ने बताया- फरार कैदी सदर नीमकाथाना थाना क्षेत्र का रहने वाला है और दुष्कर्म के मामले में 25 अगस्त 2026 से सब जेल में बंद था। उन्होंने बताया- नगरपालिका की ट्रैक्टर-ट्रॉली कचरा लेने आती है। ट्रैक्टर ड्राइवर को अंदर जाने की अनुमति नहीं होती, इसलिए 2-4 कैदी दो जेलकर्मियों के साथ कचरा बाहर डालते हैं। जैसे ही ट्रॉली आई, दोपहर करीब 12:30 बंदियों को बाहर लाया गया। आरोपी कचरा डाल रहा था कि अचानक वह पीछे की तरफ भाग गया। उसे पकड़ने के लिए जेलकर्मी पीछे दौड़ा, लेकिन वह नीचे गिर गया, वहीं अन्य कैदियों को तुरंत अंदर ले जाया गया। जेल के पीछे की दीवार एक तरफ से टूटी हुई है और वह करीब 6 फीट ऊंची है। कैदी दीवार के पास पड़ी लकड़ियों के सहारे ऊपर चढ़ा और कूदकर फरार हो गया। पीछे का रास्ता हीरानगर, गांवड़ी मोड़, गुर्जर कॉलोनी होते हुए शहर के अंदर जाता है। जेलर रमेश पुरोहित ने बताया- मैं उस समय मेस में खाना खाने गया था। मैंने कैदी की काफी तलाश की, लेकिन वह फरार हो चुका था। मैंने इसकी सूचना तत्काल कोतवाली थानाधिकारी को दी। जेल के पीछे मकानों की तलाशी ली डीएसपी सुशील मान ने बताया- पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है और जेल के पीछे बने मकानों में भी तलाशी ली गई है, लेकिन वहां कैदी का कोई सुराग नहीं लगा। अब विशेष टीमों का गठन कर उसकी तलाश की जा रही है।