बीकानेर में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। मानसून की विदाई के साथ ही जिले में गुलाबी ठंड की आहट शुरू हो गई है। बीती रात शहर का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे रात और अलसुबह हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे दोपहर के समय हल्की धूप का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तरी हवाओं के असर से तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। आगामी एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री से गिरकर 19 से 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इससे रातों में गुलाबी ठंड का असर और बढ़ेगा। अधिकतम तापमान भी 34 डिग्री से घटकर 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे दिन की चुभती धूप और गर्मी से आमजन को राहत मिलेगी। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह शुष्क और आसमान साफ रहेगा। मौसम में आ रहे इस बदलाव (दिन में धूप और रात में ठंडक) के कारण लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार इस मौसमी बदलाव के दौरान सर्दी, जुकाम और वायरल बुखार का खतरा बढ़ जाता है। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को अलसुबह और देर रात के समय पंखे-कूलर के सीधे संपर्क से बचने तथा खान-पान का ध्यान रखने की जरूरत है।