60 साल से ज्यादा उम्र होने के बावजूद क्रिकेट के प्रति जुनून कम नहीं हुआ है। वरिष्ठ खिलाड़ी मैदान पर उतरकर अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों के इसी जज्बे से प्रभावित होकर महापौर अनिल कल्ला ने भी उनकी सराहना की। गुरुवार को पॉलिश्ड बाउंड्री क्रिकेट क्लब की ओर से ओवर सिक्सटी क्रिकेट प्रीमियर कप-2026 के दूसरे संस्करण की शुरुआत हुई। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 26 अक्टूबर तक चलेगी। उम्र के इस पड़ाव पर भी हुनर को जिंदा रखना जिंदादिली उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि बीकानेर नगर निगम के महापौर अनिल कल्ला ने कहा - उम्र के इस पड़ाव पर भी अपने शौक और हुनर को जीवंत रखना जिंदादिली का उदाहरण है। राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास और बीएसएफ के डीआईजी अजय लूथरा ने भी वरिष्ठ खिलाड़ियों के जज्बे को प्रेरणादायक बताया। चार टीमें लेंगी हिस्सा, दुबई और ओमान के खिलाड़ी भी शामिल आयोजक सुनील जोशी के अनुसार, प्रतियोगिता में देश के विभिन्न शहरों के साथ दुबई और ओमान के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें वेस्टर्न वॉरियर्स, महाराष्ट्रा वॉरियर्स, सेंट्रल सुपर स्ट्राइकर्स और पॉलिश्ड बाउंड्रीज इलेवन की टीमें खेलेंगी। मुकाबले रेलवे ग्राउंड और सादुल क्लब ग्राउंड पर होंगे। मार्च पास्ट और बैगपाइपर बैंड ने बढ़ाया आकर्षण उद्घाटन समारोह में बीएसएफ के सुसज्जित ऊंटों और आर्मी के बैगपाइपर बैंड ने आकर्षण बढ़ाया। मार्च पास्ट के बाद महापौर ने टॉस किया और प्रतीकात्मक रूप से गेंद खेलकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। खिलाड़ियों को किया सम्मानित समारोह में क्रिकेटर जुबैर अली खान और साइक्लिस्ट दयालाराम जाट को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, यशवंत दुदुस्कर और प्रदीप गोडबोले को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिए गए।