पाली शहर में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पति–पत्नी और उनकी तीन बेटियां घायल हो गई। उन्हें इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां से गंभीर हालत में पिता और एक बेटी को जोधपुर रेफर किया गया। घटना शहर के सदर थाना क्षेत्र की शेखों की ढाणी में रविवार शाम करीब चार बजे की है। दिवाली की शॉपिंग करने जा रहा था परिवार जानकारी के अनुसार, पाली शहर के मंडिया गांव निवासी प्रकाश(35) पुत्र पुखाराम मेघवाल अपनी 11 साल की बेटी हर्षिता को खारची गांव (मारवाड़ जक्शन) के लिए बस में बिठाने पाली जा रहे थे। इस दौरान उनकी पत्नी हीना(33) ने दीपावली की खरीदारी करने के लिए साथ चलने की बात कही तो बेटी कोमल(13) और कनिका(8) भी साथ चलने के लिए जिद करने लगी। इसके बाद प्रकाश अपनी पत्नी हीना और तीनों बेटियों के साथ पाली आ रहा था। इस दौरान मंडिया रोड पर शेखों की ढाणी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सभी बाइक सवार परिवार के लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां से प्रकाश और कनिका को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया।