टोंक में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण तहत जिला परिषद सदस्यों के लिए गुरुवार को 12 नामांकन दाखिल हुए। वहीं, पंचायत समिति सदस्यों के लिए 70 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कोई गाजे-बाजे के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा तो कोई समर्थकों के साथ नामांकन करने आया। सांख्यिकी प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी रामजीलाल शर्मा ने बताया - पंचायत समिति सदस्यों के लिए पीपलू में 17, पचेवर में 10, मालपुरा में 12, देवली में 13 और उनियारा में 18 नामांकन दाखिल किए गए। अलगोजा पार्टी के साथ पहुंचे RLP जिलाध्यक्ष नामांकन के दौरान प्रत्याशियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराना अलगोजा पार्टी के साथ नामांकन भरने पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में भजन मंडली ने धार्मिक भजन गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। अलगोजा के साथ गाए गए भजन लोगों को काफी पसंद आए। वार्डवार भाजपा, कांग्रेस और RLP प्रत्याशियों ने भरे पर्चे प्रमुख वार्डों में वार्ड नंबर 10 से गोपाल लाल बैरवा ने भाजपा के टिकट पर नामांकन दाखिल किया। रूप लाल बैरवा ने भी भाजपा की ओर से पर्चा भरा। वार्ड नंबर 22 से सुशीला सालोदिया ने भाजपा की ओर से उम्मीदवारी पेश की। वार्ड नंबर 2 से एक प्रत्याशी ने कांग्रेस की ओर से नामांकन दाखिल किया। वसुंधरा बैरवा ने भी कांग्रेस पार्टी की ओर से पर्चा भरा। वार्ड नंबर 29 से ममता ने कांग्रेस के टिकट पर नामांकन दाखिल किया। वार्ड नंबर 3 से सुरेश कुमार ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा। उन्होंने एक अन्य सेट में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया। रामरख ने भी इंडियन नेशनल कांग्रेस की ओर से पर्चा भरा। वहीं, वार्ड नंबर 7 से राजेंद्र चौधरी ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) की ओर से नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया। वार्ड नंबर 30 से मो. जाकिर और वार्ड नंबर 31 से काली देवी ने भी RLP की ओर से नामांकन दाखिल किया।