रोहट क्षेत्र के वायद गांव में जन संपर्क के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख को विरोध झेलना पड़ा। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। संबोधन और वापसी के दौरान एक युवक आक्रोशित अंदाज में पारख से सवाल पूछता नजर आ रहा है। इस दौरान पारख उसे समझाने का प्रयास करते हुए दिख रहे हैं। युवक ने सवाल किया कि आप वोट मांगने तो आ गए हैं, लेकिन यह बताइए कि पिछले कार्यकाल में धरातल पर क्या काम करवाए गए? युवक के इस सवाल के बाद बैठक में मौजूद कुछ अन्य ग्रामीण भी मुखर हो गए। ग्रामीणों का कहना था कि चुनावों के दौरान किए गए वादे आज तक कागजों तक ही सीमित हैं और धरातल पर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। जब पारख रवाना हो रहे थे तभी युवक ने उनसे कहा कि मैं कहां गलत हूं। पारख गाड़ी से उतरकर युवक से बात कर रवाना हो गए।